Friday, May 23, 2008

शातिर हो गया

या मेरा दुश्मन ही शातिर हो गया
या कोई अपना ही मुख़बिर हो ग्या

तू जुदा होना था आख़िर हो गया
पर तेरा किरदार ज़ाहिर हो गया
मैं जो इस महफ़िल मे हाज़िर हो गया
क्या बताऊं किसकी ख़ातिर हो गया
जो मकाँ मुझसे नहीं बन पाया “घर”
माँ का आना था कि मन्दिर हो गया

हर कोई कहता है मुझको देख कर-
“था भला इंसान, शाइर हो गया”

Wednesday, May 21, 2008

कब तक

उनसे अपनापन कब तक
आख़िर ये उलझन कब तक

इक दिन तो सच कहना था
रखता उनका मन कब तक

देखें इन दीवारों से
बचता है आँगन कब तक

अपना चेहरा पहचानो
बदलोगे दरपन कब तक

Tuesday, May 20, 2008

दूध

लाख दुनिया के रंजो-ग़म लेंगे
तेरे अहसान अब, न हम लेंगे

अबके अम्मा की आँख बननी हैं
आज से दूध थोड़ा कम लेंगे

Monday, May 19, 2008

सोच तो दूर

सोच तो दूर, तमन्ना जो बता दूं अपनी
जाने कितनों कि निगाहों से उतर जाउंगा

समझते हैं

ख़ुद को वो पारसा समझते हैं
और हमको बुरा समझते हैं
मानते हैं किसी ख़ुदा को वो
हम किसी को ख़ुदा समझते हैं
सामना कैसे करूं मैं उनका
वो मुझे बा-वफ़ा समझते हैं
आपकी बात का यक़ीन करूं
क्या मुझे बावला समझते हैं

Sunday, May 18, 2008

रिटायर्ड – हर्ट

जब तक मेरी ज़रूरत थी
घर में कितनी इज़्ज़त थी
खपता रहा ज़िन्दगी भर
जितनी मुझमे ताक़त थी
बेटों के घर हफ़्ता भर
बस रहने की मोहलत थी
बहुओं का तो नाम था बस
सब बेटों की हरकत थी
सोच ले ऐ बच्चों की माँ
यही हमारी क़िस्मत थी

Friday, May 16, 2008

याद आये

ज़िद पर बाबूजी के चांटे याद आये
फिर अम्मा के आटे-बाटे याद आये
बाबूजी की बेंत देखते ही मुझको
यारों के संग सैर-सपाटे याद आये
इतने दिन मेरे घर, इतने भाई के
दिन कैसे माँ-बाप के बाँटे याद आये